Subscribe Us

Responsive Advertisement

बिना मास्क पर 2891 व्यक्तियों पर हुई कार्यवाही ,2 लाख 89 हजार से अधिक की चालानी राशि की हुई वसूली

कटनी -: जिले में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये जारी निर्देशों के तहत मास्क का उपयोग अनिवार्य किया गया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा द्वारा इसे लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किया गया है। मास्क एवं सोशल डिस्टेन्सिंग सहित अन्य बचाव की सावधानियों के प्रति आमजन में जनजागरुकता लाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है। साथ ही निर्देशों का पालन नहीं करने पर रोको-टोको अभियान के तहत संबंधित व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही करते हुये जुर्माना राशि भी वसूल की जा रही है। 

रोको टोको अभियान के तहत मार्च से अब तक बिना मास्क पर 2891 व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही की गई है। इसमे 2 लाख 89 हजार से अधिक की चालानी राशि की वसूली हुई है। जिला पुलिस द्वारा 1888 व्यक्तियों एवं निगम प्रशासन द्वारा 1003 व्यक्तियों पर कार्यवाही की गई है।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने जानकारी देते हुये बताया कि जिला पुलिस द्वारा भी जिले के समस्त 16 थाना क्षेत्रों में भी रोको टोको अभियान के तहत सतत् रुप से कार्यवाही जारी है। इस दौरान संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना क्षेत्र अन्तर्गत बिना मास्क पहने सार्वजनिक स्थलों पर घूमते पाये जाने पर 1 हजार 888 व्यक्तियों पर जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इस दौरान 1 लाख 88 हजार 800 रुपये की जुर्माना राशि भी संबंधित व्यक्तियों से वसूल की गई है।

नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे ने बताया कि जिले में नगर निगम क्षेत्र तथा थाना क्षेत्र अन्तर्गत संबंधित विभागीय अमले द्वारा सतत् रुप से चालानी कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत मास्क का उपयोग ना करने पर 100 रुपये का चालान किया जा रहा है। इसी क्रम में मार्च माह में भी नगर निगम क्षेत्र तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में नगर निगम तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्यवाही की गई है। नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत विगत 1 मार्च से अब तक 1003 व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही की गई है। इस कार्यवाही में संबंधित व्यक्तियों से 1 लाख 300 रुपये की राशि वसूल की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ