देवास-: जिले में जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान के 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में बने मकान और दुकान को किया ध्वस्त
आरोपी विवेक तिवारी का 02 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बना मकान भी तोड़ा
देवास जिले में आज जिला प्रशासन ने नेमावर हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान पिता लक्ष्मण सिंह चौहान वार्ड नंबर 10 रेत नाका नेमावर की 4 हजार 500 स्क्वेयर फीट में तीन दुकान और दुकान के पीछे मकान को तोड़ने की कार्यवाही की। प्रशासन ने एक और आरोपी विवेक तिवारी पिता कमल किशोर लक्ष्मीनारायण तिवारी का वार्ड नम्बर 14 में 2 हजार स्क्वेयर फ़ीट में बने मकान तोड़ने की कार्यवाही की।
इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, एसडीएम खातेगांव त्रिलोचन गौड़, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, डीएसपी किरण शर्मा, नगर परिषद सीएमओ अशोककुमार भमोलिया, बड़ी संख्या में जिला प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि नेमावर की घटना अत्यंत जघन्य थी। इस तरह की घटनाओं के अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों की अवैध संपत्ति और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्यवाही की जा रही है। आज मुख्य आरोपी सुरेंद्रसिंह चौहान के लगभग 4 हजार 500 स्क्वेयर फ़ीट में बने अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की गयी है। इससे स्पष्ट मैसेज जाता है कि कोई भी इस तरह का अपराध करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है। सभी आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। न्यायिक कार्यवाही और अवैध संपत्ति तोड़ने कार्यवाही आगे भी इस तरह जारी रहेगी। कलेक्टर श्री शुक्ला ने बताया कि पीड़ित परिवारों को शासन के निर्देशानुसार 41 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृति की गई है। जिसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह राशि पीड़ित परिवार वालों के खातों में डाली जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि हम सभी साक्ष्य इक्कठा कर रहे हैं। अपराध को हमने चिन्हित अपराधों की श्रेणी में रखा गया है। हमारी कोशिश है आरोपियों को जल्दी से जल्दी सजा दिलवाई जाए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले इसलिये त्वरित न्यायालय में सुनवाई करके आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड देखे जा रहे है। सभी आरोपियों की संपत्ति की जानकारी ले जा रही है। यदि कोई अवैध निर्माण पाया जाता है तो अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। आरोपियों के अन्य स्रोतों की जानकारी ली जा रही है। आरोपियों पर अन्य जिलों में कोई आपराधिक रेकॉर्ड भी देखा जा रहा है। आपराधिक रिकॉर्ड पाए जाने पर उन पर भी कार्यवाही की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ