कटनी-:मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स संघ द्वारा मान्यता प्राप्त कटनी जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ की प्रथम बैठक आईसीएच बरगवां में गत दिवस संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम नवगठित जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष राजेश मनोध्या, सचिव आलोक जोसफ और कोषाध्यक्ष के एल कनकने ने संघ के उद्देश्य और नियमावली की जानकारी से संघ के सदस्यों को अवगत कराया। इसके बाद सभी सदस्यों ने अपना परिचय प्रदान किया। बैठक की शुरुआत में ही हाल ही में दिवंगत जिले की खेल विभूतियों हॉकी कटनी के अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी, वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी सुबीर चतुर्वेदी तथा शैलेश चंदेल के प्रति सभी ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त कर उनकी आत्मा की शांति के लिए 2 मिनिट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक के द्वितीय चरण में संघ की आगामी रणनीति एवम् खेल कैलेंडर निर्धारण को लेकर चर्चा की गई। जिसमें सर्व सम्मति से प्रत्येक माह एक खेल आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया। जिसकी शुरुआत आगामी नवंबर माह में 100 मीटर दौड़ स्पर्धा के आयोजन के साथ की जाएगी। यह प्रतियोगिता 35 से 90 + आयु के पुरुष व महिला प्रतिभागियों के लिए अलग अलग आयु वर्ग के तहत आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में भी किए जाने का निर्णय लिया गया। संघ का प्रयास रहेगा कि बढ़ती उम्र के साथ खेल विधा से जुड़े लोगों सहित अन्य सभी स्वस्थ और चुस्त रहें। बैठक में संघ के सदस्य फारुख अंसारी, देवी सिंह, विभाष पाटिल, प्रशांत पचौरी, अशोक राव, डिंपल रजक, जगत सिंह विष्ट, पी एस बैरागी, सुनील रजक, ब्रजमोहन प्यासी एवम् आदेश खरया की मौजूदगी रही। संघ की सदस्यता एवम् प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए संघ के जिलाध्यक्ष राजेश मानोध्या, सचिव आलोक जोसफ, कोषाध्यक्ष के एल कनकने तथा मीडिया प्रभारी आदेश खरया से संपर्क कर सकते है।
"मप्र-छग की हर छोटी बड़ी खबरों के लिए जुड़े स्टेट 24 न्यूज़ पर , अगर आपके आस पास है कोई खबर जिसे आमजन तक हो पहुँचाना तो हमे करे सम्पर्क -: अमित तिवारी-: 8889001624 , 9399433448 "
0 टिप्पणियाँ